
Weather Update 25 March के अनुसार भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूरे देशभर में बढ़ती गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की है। IMD के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा सकता है। इसके साथ ही मार्च से मई तक 30 से 35 दिन तक लू चलने की संभावना जताई गई है। यानी देश एक बार फिर भीषण हीट वेव-Heat Wave की चपेट में आ चुका है।
पर्वतीय इलाकों में भी बढ़ी तपिश
पहाड़ों की ठंडी फिजाएं भी इस बार गर्मी से नहीं बच सकीं। उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में करीब 4 डिग्री तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में भी अब तपिश महसूस की जा रही है। हालांकि 27 और 28 मार्च को यहां हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे अस्थायी राहत मिल सकती है। लेकिन IMD का कहना है कि इस राहत के बाद तापमान फिर से ऊपर जाएगा।
दिल्ली में शुरू हो रहा गर्म हवाओं का दौर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी गर्मी तेजी से बढ़ रही है। 25 मार्च को न्यूनतम तापमान 19.05 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। इसके साथ ही 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी। 26 मार्च को अधिकतम तापमान 38.74 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से काफी अधिक है। इससे स्पष्ट है कि दिल्ली भी हीट वेव की चपेट में आने लगी है।
उत्तर प्रदेश में मौसम बना अनिश्चित
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक ओर कभी बारिश तो कभी तेज हवा देखने को मिल रही है, वहीं अब मौसम विभाग ने तेज गर्म हवाओं की चेतावनी दी है। आने वाले तीन दिनों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने का पूर्वानुमान है, जिससे गर्मी और ज्यादा महसूस की जाएगी।
महाराष्ट्र में तापमान का स्तर लगातार ऊपर
महाराष्ट्र में मौसम शुष्क बना हुआ है। 25 मार्च को यहां न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और दोपहर में 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। राज्य के कई हिस्सों में हल्की धुंध बनी रह सकती है, लेकिन धूप तेज रहेगी। यहां भी हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे दिन के समय गर्मी का असर ज्यादा रहेगा।
बिहार में बारिश के बाद अब फिर से बढ़ने लगी गर्मी
बिहार में कुछ दिनों की बारिश से राहत मिली थी लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने के कारण गर्म हवाएं दोबारा सक्रिय हो रही हैं। तापमान में फिर से वृद्धि हो रही है और गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने दक्षिण और पूर्वी राज्यों जैसे तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं झारखंड के बोकारो, चाईबासा, दुमका, हजारीबाग और रांची जैसे जिलों में आंधी-तूफान का सिलसिला जारी है।