नई दिल्ली | विशेष संवाददाता | 22 अप्रैल 2025

दिल्ली सरकार और सरकार से सहायता प्राप्त स्कूलों के लिए शिक्षा निदेशालय (Directorate of Education, DoE) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इस कैलेंडर के अनुसार, इस साल गर्मी की छुट्टियां 11 मई से शुरू होकर 30 जून 2025 तक रहेंगी। छात्रों को इस दौरान कुल 51 दिन की छुट्टी मिलेगी।
शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, शिक्षकों को 28 जून से 30 जून तक स्कूल में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। इस दौरान शिक्षक नई शैक्षणिक तैयारियों से संबंधित कार्यों में भाग लेंगे।
गर्मी की छुट्टियों के साथ ही विंटर ब्रेक भी घोषित
DoE ने वर्ष 2026 के विंटर ब्रेक की तारीखें भी घोषित कर दी हैं। यह ब्रेक 1 जनवरी 2026 से 15 जनवरी 2026 तक रहेगा। इस दौरान सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में कक्षाएं स्थगित रहेंगी।
वर्ष 2025 की प्रमुख छुट्टियां इस प्रकार हैं
तिथि | अवसर |
---|---|
18 अप्रैल | गुड फ्राइडे |
7 जून | बकरीद |
6 जुलाई | मुहर्रम |
15 अगस्त | स्वतंत्रता दिवस |
16 अगस्त | जन्माष्टमी |
5 सितंबर | ईद-ए-मिलाद |
2 अक्टूबर | गांधी जयंती और दशहरा |
7 अक्टूबर | महर्षि वाल्मीकि जयंती |
20 अक्टूबर | दीपावली |
5 नवंबर | गुरु नानक जयंती |
25 दिसंबर | क्रिसमस |
इसके अलावा, 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक विशेष छुट्टी की भी घोषणा की गई है।
स्कूलों के लिए दिशा-निर्देश
शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुसार प्री-प्राइमरी और प्राथमिक कक्षाओं में नियमित रूप से खेल गतिविधियों को जोड़ा जाए। हर माह के अंत में छात्रों का मासिक मूल्यांकन किया जाए, जिसे CPT मॉड्यूल में दर्ज करना अनिवार्य होगा। नर्सरी और प्राथमिक शिक्षकों की मासिक इन-हाउस बैठकें अनिवार्य रहेंगी। सख्ती से टाइमटेबल लागू किया जाए और Art Integration को शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल किया जाए।